प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। कलगोठ विद्यालय में शिक्षक की कमी तथा शिक्षक के स्थानांतरण को लेकर प्रकाशित समाचार के संबंध में शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित शिक्षक का स्थायी स्थानांतरण नहीं किया गया है। उन्हें अस्थायी शैक्षणिक व्यवस्था के तहत अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज उर्गम में संबद्ध किया गया है। उर्गम विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता होते ही संबंधित शिक्षक को पुनः कलगोठ विद्यालय में भेज दिया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक पंकज उप्रेती ने जानकारी देते हुए बताया कि कलगोठ में वर्तमान में प्राथमिक और हाईस्कूल संचालित है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय कलगोठ में वर्तमान में 24 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं तथा दो शिक्षक तैनात हैं। वहीं वर्ष 2015 में जूनियर हाईस्कूल से उच्चीकृत होकर हाईस्कूल बने कलगोठ विद्यालय में वर्तमान में कक्षा 6 से 10 तक लगभग 40 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। हाईस्कूल स्तर पर पांच शिक्षक पद सृजित हैं जिनमें चार पदों पर शिक्षक कार्यरत हैं। अंग्रेजी विषय के शिक्षक भी सोमवार से अस्थायी व्यवस्था के तहत कार्यभार ग्रहण कर लेंगे जिसके बाद हाईस्कूल स्तर पर शिक्षण व्यवस्था और सुदृढ़ हो जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में जूनियर हाईस्कूल से हाईस्कूल में उच्चीकरण के बाद जूनियर संवर्ग के एक शिक्षक जो पूर्व में जूनियर हाईस्कूल स्तर पर गणित-विज्ञान विषय का अध्यापन कर रहे थे विद्यालय में कार्यरत रहे। हाईस्कूल के मानकों के अनुसार गणित और विज्ञान विषय के शिक्षकों की व्यवस्था पहले से ही विद्यालय में की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक ने बताया कि अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज उर्गम में वर्तमान में 159 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं तथा चार शिक्षक पद रिक्त हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके दृष्टिगत कलगोठ में कार्यरत जूनियर संवर्ग के एक सरप्लस शिक्षक गणित-विज्ञान के शिक्षक को फिलहाल अस्थायी व्यवस्था के तहत उर्गम से संबद्ध किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह स्थायी स्थानांतरण नहीं है। उर्गम में नियमित शिक्षक की व्यवस्था होते ही संबंधित शिक्षक को पुनः कलगोठ विद्यालय में भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा विद्यार्थियों की पढ़ाई को प्राथमिकता देते हुए आवश्यकतानुसार शिक्षकों की व्यवस्था की जा रही है। कलगोठ विद्यालय में हाईस्कूल स्तर पर वर्तमान में चार शिक्षक कार्यरत हैं तथा अंग्रेजी विषय के शिक्षक के कार्यभार ग्रहण करने के बाद उपलब्ध शिक्षक व्यवस्था में और सुधार होगा। उप्रेती ने यह भी बताया कि कलगोठ हाईस्कूल के विद्यालय रजिस्टर से संबंधित जानकारी भी विभाग के संज्ञान में आई है। इस संबंध में आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उच्चीकरण के बाद जूनियर हाईस्कूल कलगोठ के नाम से कोई भी विद्यालय वर्तमान में संचालित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कलगोठ विद्यालय में शिक्षक के स्थायी स्थानांतरण के कारण शिक्षण व्यवस्था पूरी तरह ठप होने संबंधी प्रकाशित समाचार तथ्यात्मक स्थिति के अनुरूप नहीं है।
