Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना छाम क्षेत्र से लापता हुए ग्राम प्रहरी को टिहरी पुलिस ने त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। 19 सितंबर 2026 को थाना छाम पर ग्राम गोजमेर पट्टी नगुण निवासी गिरधारी लाल पुत्र स्वर्गीय बसंत लाल के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को लापता व्यक्ति की शीघ्र बरामदगी के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देशन में थाना छाम पुलिस ने तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर लापता ग्राम प्रहरी की तलाश शुरू की। पुलिस टीमों ने परिजनों एवं स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से लगातार सुरागरसी-पतारसी की। संभावित स्थानों पर तलाश करने के साथ ही संबंधित लोगों से संपर्क भी स्थापित किया गया। पुलिस टीम के प्रयासों एवं आपसी समन्वय के फलस्वरूप लापता गिरधारी लाल को हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने के बाद गिरधारी लाल को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है। परिजन की सकुशल बरामदगी पर परिवारजनों ने टिहरी पुलिस का आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश एवं बरामदगी को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिव शंकर उनियाल कांस्टेबल अनूप भट्ट कांस्टेबल परमेश चौहान और कांस्टेबल अमरेश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *