प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद हरिद्वार के जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति एवं सिंगल विंडो जिला प्राधिकरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रुड़की सहित जनपद के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में लंबित विकास कार्यों आधारभूत सुविधाओं और उद्योगों से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित समाधान की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र रुड़की एवं अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था फायर स्टेशन के निर्माण ड्रेनेज एवं नालों के निर्माण विद्युत आपूर्ति के सुदृढ़ीकरण नए विद्युत उपकेंद्रों एवं ट्रांसफार्मरों की स्थापना तथा अन्य विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों से प्रत्येक कार्य की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में उद्योग निदेशालय उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और विभिन्न लंबित प्रकरणों पर विभागीय स्तर से आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव दिए। उद्योगों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने निर्देशित किया कि औद्योगिक विकास से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इससे उद्योगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने निवेश को बढ़ावा देने तथा जनपद हरिद्वार में रोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार विश्नोई सहायक नगर आयुक्त नगर निगम रुड़की अमरजीत कौर एनएचएआई के अधिकारी उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
