प्रदीप कुमार
कलियर-हरिद्वार। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के माध्यम से नाबालिग से संपर्क कर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को 25 सितंबर 2026 को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान दानिश पुत्र शबी निवासी ग्राम गढ़ीपुख्ता शामली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। 5 सितंबर 2026 को वादी ने कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर देकर बताया था कि दानिश ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के माध्यम से उसकी नाबालिग पुत्री से संपर्क किया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया तथा उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया। पीड़िता को आवश्यक उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया। मामला दर्ज होने के बाद उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और जांच उपनिरीक्षक विशाखा राठौर को सौंपी गई। प्रभारी निरीक्षक पिरान कलियर ने आरोपी की तलाश के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से लगातार आरोपी की तलाश और सुरागरसी की। पुलिस के प्रयासों के बाद आरोपी दानिश को 25 सितंबर 2026 को हिरासत में लिया गया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान उपनिरीक्षक विशाखा राठौर हेड कांस्टेबल सोनू कुमार सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल आशीष शर्मा और होमगार्ड ललित कुमार शामिल रहे।
