प्रदीप कुमार
कनखल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशों के क्रम में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान और ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस ने चैन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चैन 315 बोर का तमंचा एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था और पूर्व में भी चैन स्नैचिंग के मामलों में जेल जा चुका है। 20 सितंबर 2026 को गणपतिधाम फेस-3 जमालपुर हरिद्वार निवासी महिला घरेलू कार्य से हरिद्वार गई थीं। वापस घर लौटते समय आईटीआई जगजीतपुर लक्सर रोड के पास बाइक सवार एक व्यक्ति ने उन्हें स्कूटी रोकने का इशारा किया। महिला द्वारा स्कूटी नहीं रोकने पर आरोपी ने स्कूटी में लात मारकर उन्हें गिरा दिया और उनके गले से सोने की चैन छीनकर मौके से फरार हो गया। स्कूटी से गिरने के कारण महिला की तीन वर्षीय पुत्री के सिर में चोटें आईं। बच्ची के उपचार में परिवार के व्यस्त रहने के बाद महिला ने थाना कनखल में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर थाना कनखल में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेशानुसार पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन पुलिस उपाधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। 25 सितंबर 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आईटीआई जगजीतपुर के पास महिला से चैन छीनने की घटना में शामिल बाइक सवार व्यक्ति जमालपुर-जियापोता रोड की ओर आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने उक्त मार्ग पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस टीम को देखकर वह सकपका गया और मोटरसाइकिल को पीछे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई और बंद हो गई। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा महिला से छीनी गई सोने की चैन बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान कुलदीप कुमार पुत्र बीरबल उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम रघुनाथपुर थाना मंडावर तहसील एवं जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2022 में कनखल एवं रानीपुर क्षेत्र में चैन स्नैचिंग की घटनाओं में जेल जाना बताया है। पुलिस द्वारा उसके आपराधिक इतिहास के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। बरामदगी में घटना से संबंधित सोने की चैन 315 बोर का एक तमंचा एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल शामिल है। घटना के त्वरित खुलासे में उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल कांस्टेबल दिगपाल और कांस्टेबल बीरेन्द्र की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल देवेन्द्र सिंह रावत वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोज गैरोला उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह रावत प्रभारी चौकी जगजीतपुर उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन हेड कांस्टेबल जसबीर चौहान कांस्टेबल दिगपाल भण्डारी कांस्टेबल बीरेन्द्र चौहान कांस्टेबल प्रलव चौहान और कांस्टेबल सुनील चौहान शामिल रहे।
