प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। थाना बहादराबाद क्षेत्र में 14 सितंबर 2026 को पतंजलि रोड देव धर्म कांटा शांतरशाह के पास हैप्पी उम्र 28 वर्ष की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस टीम की देर रात नहर पटरी पर तिरछा पुल के पास दो बदमाशों से मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर की पिंडली में गोली लगी जिसे मौके से पकड़ लिया गया। दूसरा बदमाश मौके से भागने में सफल रहा जिसकी तलाश की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने घटना के दिन तत्काल घटनास्थल पहुंचकर जायजा लिया था और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अलग-अलग टीमों का गठन किया था। सभी टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारी देते हुए घटना के खुलासे के लिए लगातार दिशा-निर्देश दिए जा रहे थे। पुलिस टीम द्वारा आरोपितों की तलाश और सुरागरसी के प्रयासों के क्रम में 25.06.2026 की देर रात चेकिंग के दौरान नहर पटरी पर तिरछा पुल के पास मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस द्वारा उन्हें रोकने का इशारा किया गया तो मोटरसाइकिल सवारों ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से सीधे फायर किया और मोटरसाइकिल को नहर पटरी पर पीछे मोड़कर कलियर की ओर भागने का प्रयास किया। इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई और सीमावर्ती थानों का पुलिस बल तत्काल मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीम ने थाना मोबाइल से मोटरसाइकिल सवार बदमाशों का पीछा किया। बदमाशों ने मोटरसाइकिल को नहर पटरी से ग्राम दौलतपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर मोड़ दिया। इसके बाद नहर पटरी से नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर मोटरसाइकिल सड़क पर छोड़कर झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग करने लगे। बदमाशों की फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इस दौरान एक गोली सरकारी वाहन की ड्राइवर साइड वाली खिड़की के नीचे लगी। पुलिस टीम ने झाड़ियों की आड़ लेते हुए बदमाशों को घेरकर आत्मसमर्पण के लिए ललकारा लेकिन बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की तरफ रुक-रुककर सीधे फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस बल ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। झाड़ियों के पीछे से फायरिंग की आवाज बंद होने पर पुलिस ने दोबारा आत्मसमर्पण के लिए ललकारा। इस पर झाड़ियों के पीछे से एक व्यक्ति ने आत्मसमर्पण करने की आवाज दी। पुलिस टीम ने दोनों तरफ से आड़ लेते हुए टॉर्च की रोशनी में तलाशी ली तो नदी की ओर जाने वाली ढलान पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे अपना हथियार नीचे रखने और दोनों हाथ सिर के पीछे रखने के लिए कहा। उसके बाएं पैर की पिंडली से खून बह रहा था। पूछताछ में उसने अपना नाम मुद्दसिर पुत्र जमशेद निवासी ग्राम दतौली रांगण थाना कोतवाली देहात जिला सहारनपुर उम्र 20 वर्ष बताया। दूसरा बदमाश मौके से भाग गया जिसकी तलाश के प्रयास जारी हैं। मौके पर साक्ष्य संकलन के लिए फील्ड यूनिट की टीम को भेजने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना दी गई। घायल मुद्दसिर को तत्काल थाना मोबाइल से मेला अस्पताल हरिद्वार उपचार के लिए भेजा गया। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह अस्पताल पहुंचे और मौजूद पुलिस टीम से घटनाक्रम एवं घायल की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार हत्या की वजह वर्ष 2022 से चली आ रही रंजिश बताई गई है। वर्ष 2022 में इस्तकार उर्फ इस्तयाक अमजद निवासी कोतवाली जनकपुरी सहारनपुर की पुत्री को भगाकर लाया था। इस संबंध में अमजद द्वारा कोतवाली जनकपुरी में मामला दर्ज कराया गया था जिसमें थाना जनकपुरी पुलिस ने इस्तकार उर्फ इस्तयाक को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार इस गिरफ्तारी में इस्तकार उर्फ इस्तयाक को मृतक हैप्पी पर मुखबिरी का शक था जिसके कारण दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस के अनुसार जेल से आने के बाद इस्तकार स्मैक के धंधे में लिप्त हो गया। मृतक हैप्पी लगातार इस्तकार को स्मैक बेचने पर पुलिस से पकड़वाने की धमकी दे रहा था। इससे परेशान होकर इस्तकार परिवार सहित कलियर चला गया था, लेकिन हैप्पी द्वारा उसे लगातार पुलिस से पकड़वाने की धमकी दी जाती रही। इसके बाद इस्तकार कलियर से सहारनपुर चला गया लेकिन चोरी-छिपे शांतरशाह आता रहता था। पुलिस के अनुसार हैप्पी उससे पैसे की मांग करने लगा और उसकी धमकियों से परेशान होकर इस्तकार ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर हैप्पी को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार योजना के तहत 12 सितंबर 2026 को आरोपितों ने घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर 2026 को वारदात को अंजाम दिया। पकड़े गए बदमाश मुद्दसिर पुत्र जमशेद निवासी ग्राम दतौली रांगण थाना कोतवाली देहात जिला सहारनपुर उम्र 20 वर्ष के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर दो खोखा कारतूस 315 बोर दो जिंदा कारतूस 315 बोर एक मोबाइल फोन और काले रंग की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा ढाई हजार रुपये तथा पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। कार्रवाई करने वाली कोतवाली बहादराबाद पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह वरिष्ठ उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल उपनिरीक्षक विकास रावत उपनिरीक्षक अजय कुमार उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी बलवंत सिंह अरुण चमोली हिमांशु पंत विकास थापा अवनेश राणा हेड कांस्टेबल राजवर्धन और कांस्टेबल चन्दन शामिल रहे। सीआईयू हरिद्वार टीम में निरीक्षक नरेन्द्र बिष्ट कांस्टेबल दीपगौड हरवीर सिंह उमेश वसीम और नरेन्द्र शामिल रहे। सीआईयू रुड़की टीम में निरीक्षक रविन्द्र शाह अपर उपनिरीक्षक अश्वनी कांस्टेबल रविन्द्र खत्री महिपाल मनमोहन भण्डारी राहुल आशीष शर्मा और अजय काला शामिल रहे। अन्य पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा थाना बुग्गावाला थानाध्यक्ष अजय शाह थाना सिडकुल उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार कोतवाली नगर हरिद्वार उपनिरीक्षक देवेन्द्र तोमर कोतवाली श्यामपुर उपनिरीक्षक उमेश कुमार थाना कनखल अपर उपनिरीक्षक युवराज सिंह थाना बुग्गावाला हेड कांस्टेबल सोहन राणा थाना सिडकुल कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह थाना श्यामपुर कांस्टेबल नवीन क्षेत्री कोतवाली ज्वालापुर कांस्टेबल दीपक दानू कोतवाली ज्वालापुर कांस्टेबल जितेन्द्र मलिक थाना सिडकुल कांस्टेबल सतेन्द्र रावत थाना कनखल कांस्टेबल संजय ठाकुर और कांस्टेबल अंकित कुमार कोतवाली नगर हरिद्वार शामिल रहे।
