Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आमजन की सुरक्षा एवं अग्नि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के दृष्टिगत 5 अक्टूबर 2026 को जनपद रुद्रप्रयाग क्षेत्र में संचालित विभिन्न गैस गोदामों का अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तराखण्ड देहरादून तथा पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के आदेश एवं निर्देशों के अनुपालन में अग्निशमन अधिकारी रुद्रप्रयाग शंकर चंद रमोला ने गैस गोदामों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गैस गोदामों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों अग्निशमन व्यवस्थाओं गैस सिलेंडरों के सुरक्षित भंडारण एवं विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संबंधित संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन करने तथा अग्निशमन उपकरणों को सदैव कार्यशील स्थिति में रखने के आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गैस गोदामों में कार्यरत स्टाफ को अग्निसुरक्षा उपकरणों के प्रयोग संचालन एवं हैंडलिंग के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया ताकि किसी भी आपात स्थिति में उपकरणों का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सके। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षु अग्निशमन द्वितीय अधिकारी नीरज सिंह धामी को व्यावहारिक प्रशिक्षण के क्रम में गैस गोदाम एवं गैस एजेंसी का स्थलीय भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें अग्निसुरक्षा निरीक्षण के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों एवं निरीक्षण की विभिन्न बारीकियों से अवगत कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *