Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी डैम जैसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रतिष्ठान की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को टिहरी डैम क्षेत्र में आतंकवादी हमले की काल्पनिक स्थिति पर संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में आयोजित इस सुरक्षा अभ्यास में टिहरी गढ़वाल पुलिस केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल सीआईएसएफ आतंकवाद निरोधक दस्ता एटीएस स्थानीय अभिसूचना इकाई एलआईयू फायर सर्विस मेडिकल एवं बम निरोधक दस्ते बीडीएस की टीमों ने हिस्सा लिया। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य संभावित आतंकवादी हमले अथवा अन्य आकस्मिक आपात स्थिति में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय त्वरित प्रतिक्रिया सूचना तंत्र घेराबंदी तलाशी अभियान बम निरोधक कार्रवाई, अग्निशमन एवं बचाव व्यवस्था को परखना था। अभ्यास के दौरान काल्पनिक रूप से सोमवार को टिहरी पुलिस को सूचना मिली कि टिहरी डैम पर आतंकवादी हमला हुआ है। बताया गया कि तीन आतंकवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग एवं आईईडी विस्फोट किया जिसमें सीआईएसएफ का एक जवान शहीद और एक जवान घायल हो गया है। सूचना मिलते ही संबंधित सुरक्षा एवं पुलिस एजेंसियों को तत्काल अलर्ट किया गया और घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय की गई। मॉक ड्रिल के दौरान आतंकवादियों के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई का अभ्यास किया गया। काल्पनिक स्थिति में सभी तीन आतंकवादियों को मार गिराने की कार्रवाई का अभ्यास किया गया। घायल सीआईएसएफ जवान को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई भी अभ्यास के तहत की गई। इस दौरान मेडिकल आपातकाल एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को भी परखा गया। एलआईयू टीम ने सूचना एवं खुफिया जानकारी से संबंधित कार्रवाई का अभ्यास किया जबकि एटीएस टीम ने आतंकवादी हमले की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया एवं अभियान संबंधी कार्रवाई की प्रक्रिया को परखा। सीआईएसएफ ने टिहरी डैम जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान की सुरक्षा प्रवेश एवं निकास बिंदुओं की निगरानी तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप कार्रवाई का अभ्यास किया। बीडीएस टीम ने संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक मिलने की स्थिति में मौके पर पहुंचकर आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जांच एवं निस्तारण की प्रक्रिया का अभ्यास किया। वहीं फायर सर्विस टीम ने आपात स्थिति में आग लगने की संभावित घटना से निपटने त्वरित अग्निशमन कार्रवाई एवं बचाव अभियान की तैयारियों को परखा। टिहरी पुलिस ने पूरे अभ्यास के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया क्षेत्र की घेराबंदी पुलिस बल की तैनाती यातायात एवं भीड़ नियंत्रण तथा सभी संबंधित एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय की व्यवस्थाओं को परखा। सभी टीमों ने निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार त्वरित समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई का अभ्यास किया। घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने घटनास्थल को सुरक्षित करने तथा संभावित खतरे को नियंत्रित करने की प्रक्रिया भी अभ्यास में शामिल रही। मॉक ड्रिल के दौरान आतंकवादी हमले की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय एवं संचार टिहरी डैम की सुरक्षा व्यवस्था संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक मिलने पर बीडीएस टीम की कार्रवाई आपात स्थिति में फायर सर्विस एवं बचाव व्यवस्था घायल कर्मियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्र में घेराबंदी तलाशी एवं सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित कमियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करने का अभ्यास किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मॉक ड्रिल के दौरान दर्शाई गई आतंकवादी घटना तीन आतंकवादियों के मारे जाने तथा सीआईएसएफ के एक जवान के शहीद और एक जवान के घायल होने की स्थिति पूर्णतः काल्पनिक थी और यह पूरी तरह अभ्यास का हिस्सा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में आयोजित इस संयुक्त मॉक ड्रिल के माध्यम से टिहरी डैम की सुरक्षा व्यवस्था के साथ विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों एवं आपसी समन्वय को परखा गया। टिहरी पुलिस द्वारा महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर इस प्रकार के मॉक ड्रिल एवं सुरक्षा अभ्यास आयोजित किए जाते हैं ताकि किसी भी संभावित आपात स्थिति में सभी संबंधित एजेंसियां पूरी तत्परता बेहतर समन्वय एवं प्रभावी रणनीति के साथ कार्रवाई कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *