Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। साइबर अपराधों के प्रति प्रत्येक नागरिक को जागरूक एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जनपद पुलिस द्वारा निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीमों द्वारा विद्यालयों ग्रामीण क्षेत्रों एवं स्थानीय समुदायों के बीच पहुंचकर साइबर सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम चौपाल एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 5 अक्टूबर 2026 को चौकी पाबों पुलिस टीम द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैण में छात्र-छात्राओं थाना रिखणीखाल पुलिस टीम द्वारा कस्बा सिमलसैंण रिखणीखाल में तथा थाना धुमाकोट पुलिस टीम द्वारा स्थानीय नागरिकों के बीच साइबर सुरक्षा नशा मुक्ति एवं नए आपराधिक कानूनों से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीमों ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को साइबर सुरक्षा साइबर अपराधों के लगातार बदलते तरीकों ऑनलाइन ठगी के नए-नए हथकंडों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। लोगों को जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी बैंक खाता विवरण एटीएम या डेबिट कार्ड संबंधी जानकारी यूपीआई पिन पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। पुलिस टीमों ने फर्जी कस्टमर केयर नंबर बैंकिंग फ्रॉड सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी फर्जी निवेश योजनाओं डिजिटल अरेस्ट तथा पुलिस या अन्य सरकारी अधिकारी बनकर की जाने वाली साइबर ठगी के प्रति विशेष सतर्क रहने की अपील की। जागरूकता कार्यक्रम में साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *