Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर श्रीनगर में अंतर महाविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो.हरिभजन सिंह चौहान अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.ओपी गुसाईं प्रो.जेपी मेहता और डॉ.मुकुल पंत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रो.हरिभजन सिंह चौहान ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन नेतृत्व क्षमता टीम भावना एवं संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.ओपी गुसाईं ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में प्रतिभाग करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं आपसी सौहार्द की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत बिड़ला परिसर श्रीनगर एवं स्वामी रामतीर्थ परिसर टिहरी की टीमों के बीच बास्केटबॉल मुकाबला आयोजित किया गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह ऊर्जा एवं खेल भावना के साथ मुकाबले में प्रतिभाग किया और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर डिप्टी डीएसडब्ल्यू डॉ.विजय ज्योति मोहित सिंह डॉ.गुरदीप वंदना डॉ.सुदीप सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक खेल अधिकारी आयोजन समिति के सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *