Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 88 समस्याएं और शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से 45 समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व भूमि विवाद विद्युत अतिक्रमण जलभराव पेयजल राशन कार्ड सहित विभिन्न मामलों से संबंधित समस्याएं दर्ज कराई गईं। शिकायतकर्ता ओपी सिंह ने हरिलोक कॉलोनी फेस-1 ज्वालापुर में आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने तथा कॉलोनी की सुरक्षा दीवार तोड़कर बाहरी व्यक्तियों के वाहनों का निर्बाध आवागमन होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इससे कॉलोनीवासियों को सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। उन्होंने समस्या का जल्द निस्तारण करने का अनुरोध किया। ग्राम लाल वाला खालसा के समस्त ग्रामवासियों ने ग्राम समाज की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में भूमि से संबंधित खसरा 088 पर हो रहे अतिक्रमण का उल्लेख किया गया। ग्राम सैदपुर पंचायत कुरड़ी निवासी विद्या पत्नी नरेंद्र ने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने और रहने के लिए मकान नहीं होने के कारण हो रही परेशानी को लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ दिलाने का अनुरोध किया। शिकायतकर्ता प्रियांशु ने बहादराबाद-बेगमपुर औद्योगिक क्षेत्र की मुख्य 60 फीट सड़क पर पिछले चार-पांच वर्षों से जलभराव गंदगी और क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने सड़क को तत्काल ठीक कराने का अनुरोध किया। ग्राम रंघड़वाला परगना तहसील रुड़की निवासी रामकुमार पुत्र लाल सिंह ने बताया कि उन्हें वर्ष 1988-99 में एक पट्टा आवंटित हुआ था लेकिन संबंधित भूमि का विवरण आज तक खतौनी में दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने इसे शीघ्र खतौनी में दर्ज कराने का अनुरोध किया। शिव गंगा विहार सोसाइटी ग्राम दादूपुर गोविंदपुर क्षेत्र के समस्त क्षेत्रवासियों ने प्लास्टिक कबाड़ के अनियंत्रित भंडारण प्लास्टिक जलाने और उससे उत्पन्न पर्यावरण प्रदूषण की शिकायत की। उन्होंने तत्काल निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में जनता द्वारा दर्ज कराई जा रही समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही और शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण किया जाना है संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में क्षेत्रवासियों द्वारा दर्ज कराई जा रही समस्याओं का शीर्ष प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्परता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान एल-1 पर 267 शिकायतें और एल-2 पर 89 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित पाई गईं। इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरके सिंह जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी जीएम डीआईसी उत्तम कुमार तिवारी जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया परियोजना निदेशक उरेडा वाईएस बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *