Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। एक क्लिक की लापरवाही लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना सकती है। सोशल मीडिया का समझदारी से इस्तेमाल करने और साइबर अपराधियों से सतर्क रहने के लिए पौड़ी पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में 9 अक्टूबर 2026 को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों स्थानीय नागरिकों और छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। जनजागरूकता अभियान के तहत पौबों पुलिस चौकी की टीम ने ग्राम रलथम और बिशल्ड में लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं थाना पैठाणी पुलिस टीम ने राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। चौकी पाटीसैंण की पुलिस टीम ने ज्वाल्पा देवी मंदिर में स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। इस दौरान पुलिस टीमों ने बैंकिंग फ्रॉड ऑनलाइन ठगी डिजिटल अरेस्ट फर्जी लिंक फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल साइबर ब्लैकमेलिंग ओटीपी और यूपीआई धोखाधड़ी जैसे प्रचलित साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही लोगों को बताया गया कि साइबर अपराधी किस तरह अलग-अलग माध्यमों का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं और उनसे सतर्क रहना क्यों जरूरी है। पुलिस टीमों ने लोगों को सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। किसी के साथ ओटीपी यूपीआई पिन अथवा बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा करने से बचें और ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतें। पुलिस ने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो वह बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करे अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराए। पौड़ी पुलिस ने लोगों से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और सावधानी बरतकर साइबर अपराधियों को ठगी का मौका न देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *