Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और विभागीय समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया है। शुक्रवार को मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण भवन के सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों निर्माण कार्यों की प्रगति और मेले के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी कार्यदायी संस्थाएं स्वीकृत कार्यों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सड़कों पुलों और घाटों के निर्माण कार्यों पर विशेष ध्यान देने के साथ ही मौके पर हर समय पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। मंडलायुक्त ने कहा कि कुंभ मेले के लिए विकसित की जा रही अवस्थापना सुविधाओं का समय पर तैयार होना आवश्यक है। इसके लिए कार्यदायी संस्थाएं निर्माण कार्यों की प्रगति का निरंतर आकलन करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप तय समय पर काम पूरा करें। जहां अतिरिक्त श्रमिकों मशीनरी अथवा अन्य संसाधनों की आवश्यकता है वहां समय रहते उनकी व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सामने आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान करें ताकि तैयारियों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। घाटों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि गंग नहर की क्लोजर अवधि में कराए जाने वाले कार्यों के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखी जाएं। निर्माण सामग्री मशीनरी और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त संख्या में श्रमिकों की तैनाती की जाए ताकि कार्य शुरू होने के बाद संसाधनों की कमी के कारण समय बर्बाद न हो। उन्होंने घाटों पुलों और सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए निरंतर काम करने पर जोर दिया। आगामी त्योहारों को देखते हुए मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्थाओं को श्रमिकों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए अग्रिम व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान श्रमिकों की संख्या में संभावित कमी को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध अभी से कर लिए जाएं। कार्यों की प्रकृति और समयसीमा के अनुरूप श्रमिकों एवं संसाधनों की व्यवस्था बनाए रखी जाए ताकि निर्माण कार्यों की गति निरंतर बनी रहे। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करने और प्रगति में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर प्रभावी निगरानी और समन्वय से ही सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जा सकेंगे। बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण स्थलों पर श्रमिकों एवं संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए दिन-रात काम कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि तैयारियों को काउंटडाउन मोड में आगे बढ़ाते हुए कार्यों की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है ताकि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम पूरे कराए जा सकें और मेले के आयोजन से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रहें। बैठक में आईजी कुंभ डॉ योगेंद्र सिंह रावत जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल नगर आयुक्त नंदन कुमार अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती एसपी सिटी दीपक सिंह मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनीष दत्त तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *