Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद में संचालित हेली सेवाओं के हेलीपैड और कार्यालयों का शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों पर किए गए निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं टिकट बुकिंग और वितरण व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के तहत उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी ने चिप्सन एविएशन के चारधाम हेलीपैड जाखधार का निरीक्षण किया। तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश सिंह नेगी ने ट्रांस भारत एविएशन तहसीलदार बसुकेदार प्रवण एस पाण्डेय ने थंबी एविएशन तथा तहसीलदार ऊखीमठ निशांत काम्बोज ने एरो एयरक्राफ्ट के हेलीपैड और कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हेली कंपनियों के प्रतीक्षा कक्षों में बुकिंग के अनुरूप पर्याप्त व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया। हालांकि टिकटों की कालाबाजारी अथवा किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से टिकटों की बिक्री का कोई मामला सामने नहीं आया। यात्री विवरण पंजिका का अवलोकन करने पर उसमें यात्रियों का विवरण अंकित पाया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को टिकटों की बिक्री एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मौसम अथवा अन्य कारणों से निर्धारित समय में परिवर्तन होने की स्थिति में यात्रियों के टिकटों के प्रतिस्थापन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त संबंधित हेली कंपनियों को हेलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *