Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के आगामी 13वें दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन की तैयारियों के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रो.एचबीएस चौहान को संचालन समिति का संयोजक नियुक्त किया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय की ओर से 7 अक्टूबर 2026 को कार्यालय आदेश जारी किया गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति की स्वीकृति के बाद जारी आदेश के अनुसार प्रो.एचबीएस चौहान निदेशक बीसीसी परिसर श्रीनगर तथा मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता के रूप में दीक्षांत समारोह की संचालन समिति के संयोजक की जिम्मेदारी निभाएंगे। संयोजक के रूप में प्रो.चौहान विश्वविद्यालय के संबंधित प्रशासनिक अनुभागों विभिन्न समितियों और आयोजन से जुड़े अन्य पक्षों के बीच समन्वय स्थापित करेंगे। इसके साथ ही दीक्षांत समारोह की व्यवस्थाओं को सुचारु व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की जिम्मेदारी भी उनकी होगी। कार्यालय आदेश के अनुसार प्रो.चौहान सक्षम प्राधिकारी से परामर्श कर समारोह की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक समितियों का गठन करेंगे अथवा सदस्यों का नामांकन करेंगे। वे संबंधित समितियों को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ उनके कार्यों का समन्वय निगरानी और पर्यवेक्षण भी करेंगे। इसका उद्देश्य विश्वविद्यालय के 13वें दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से पूरा कर आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *