प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चमोली के गोपेश्वर में नगर की शांति व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस ने निगरानी और गश्त तेज कर दी है। नगर की गलियों से लेकर सुनसान रास्तों तक पुलिस टीमें पैदल गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। इसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील स्थानों की निगरानी भी की जा रही है। आमजन और व्यापार मंडल के साथ आयोजित बैठक में सामने आई समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष गोपेश्वर नवनीत भंडारी के नेतृत्व में नगर में सघन सायंकालीन पैदल गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पूरे नगर को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर पुलिस टीमें तैनात की गईं। प्रमुख चौराहों संकरी गलियों सुनसान रास्तों स्कूल-कॉलेजों के आसपास और सार्वजनिक स्थलों पर गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। ड्रोन के माध्यम से उन स्थानों की भी निगरानी की गई जहां युवाओं के समूहों में एकत्र होने और नशे जैसी गतिविधियों की आशंका रहती है। पुलिस का उद्देश्य नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और नशे तथा हुड़दंग जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। गश्त के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में एकत्र मिले युवाओं से पूछताछ की गई और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने हुड़दंग मचाने तथा महिलाओं और छात्राओं पर फब्तियां कसने जैसी गतिविधियों को लेकर सख्त चेतावनी दी। इसके साथ ही युवाओं की काउंसलिंग कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। गोपेश्वर पुलिस ने युवाओं को नशे से दूर रखने और उनके सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए विशेष निगरानी अभियान भी चलाया। इसके तहत नशे की सामग्री बेचने वाली दुकानों की जांच कर प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री पर नजर रखी गई। युवाओं के वाहनों की भी सघन जांच की गई और संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस का विशेष ध्यान जेन-जी यानी नई पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने पर है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नगर की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध निगरानी लगातार जारी रहेगी। नशाखोरी महिलाओं के साथ अभद्रता और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
