Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कल्जीखाल ब्लॉक के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अगरोड़ा में छात्र छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की काउंसलर रेखा रावत ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य अच्छी आदतों और तनाव प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। रेखा रावत ने बताया कि 11 से 12 वर्ष की उम्र में बच्चे कई बार माता पिता की सलाह से अधिक अपने दोस्तों की बातों को महत्व देने लगते हैं। ऐसे में दोस्तों का चुनाव सोच समझकर करना चाहिए। बच्चों को अच्छी आदतें अपनाने और गलत कार्यों के लिए प्रेरित करने वाले दोस्तों से दूर रहने की सलाह दी गई। उन्होंने बताया कि सीखी गई बुरी आदतों को समय के साथ छोड़ा जा सकता है। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी के लिए टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 पर संपर्क करने की जानकारी दी। साथ ही बच्चों को सकारात्मक सोच रखने और योग पढ़ाई तथा खेलकूद में रुचि लेने के लिए प्रेरित किया। काउंसलर ने कहा कि तनाव और कठिन परिश्रम को अक्सर एक समान समझ लिया जाता है और कई बार छोटी छोटी बातों को भी तनाव मान लिया जाता है। तनाव से पूरी तरह बचना संभव नहीं है लेकिन मजबूत मानसिक स्वास्थ्य के माध्यम से उसका बेहतर तरीके से सामना किया जा सकता है। बेहतर मानसिक स्वास्थ्य वाला व्यक्ति तनावपूर्ण परिस्थितियों से आसानी से बाहर निकल सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छी कार्यनीति अपनाकर जीवन में आगे बढ़ने और मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रयास करने से मानसिक स्वास्थ्य भी अच्छा बनाए रखने में मदद मिलती है। मुख्य चिकित्साधिकारी पौड़ी डॉ.मेघना असवाल ने बताया कि विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी चिकित्सा इकाइयों विभिन्न विद्यालयों और सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इसके साथ ही विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों में आमजन की स्वास्थ्य जांच करने के साथ मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य मान सिंह कोहली सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मनीषा एएनएम मीनाक्षी रावत रेशमा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक और छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *