Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के महानिदेशक विनय कुमार राजावत ने जनपद भ्रमण के दौरान केदारनाथ यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को सतर्क रहने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए लंबित सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान महानिदेशक ने राष्ट्रीय राजमार्ग 07 और राष्ट्रीय राजमार्ग 107 को जोड़ने के लिए निर्मित 900 मीटर लंबी सुरंग एप्रोच सड़क और 200 मीटर लंबे पुल से संबंधित सभी सुरक्षा रिपोर्ट तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लोकार्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा ताकि जल्द ही इन्हें जनता को समर्पित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर जहां भी दुर्गम मोड़ या जोखिम भरे स्थल हैं वहां यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक सुधार कार्यों को कार्ययोजना में शामिल किया जाए। बरसात के कारण विभिन्न स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने को देखते हुए उन्होंने बारिश रुकते ही सभी पैच मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर पूरे करने के निर्देश दिए ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
*25 स्लाइड और सिंकिंग जोन में से 11 का उपचार पूरा*
राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 107 पर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार की ओर से 25 स्लाइड जोन और सिंकिंग जोन के उपचार कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 11 संवेदनशील स्थलों पर उपचार कार्य पूरा कर लिया गया है जबकि शेष 14 स्थलों पर काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से अब तक लगभग 60 किलोमीटर की दूरी में क्रैश बैरियर स्थापित किए जा चुके हैं। महानिदेशक विनय कुमार राजावत ने सुरक्षा और सुधार कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान देहरादून स्थित सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी पंकज सिंह राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के अधिशासी अभियंता अभिषेक दसवें सर्किल के अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार पांडे अधिशासी अभियंता ओंकार पांडे सहायक अभियंता प्रेरणा जगूड़ी और कनिष्ठ अभियंता राजन राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *