Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। श्री हेमकुण्ड साहिब के कपाट बंद होने की भावुक बेला के बीच हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में एक परिवार पर चिंता की घड़ी आ गई। पंजाब से अपने परिजनों के साथ पवित्र धाम पहुंचे 15 माह के मासूम सुर्खाब सिंह पुत्र जगजीत सिंह को अचानक ऑक्सीजन की कमी के कारण परेशानी होने लगी। बच्चे की तबीयत बिगड़ते देख परिजन घबरा गए। ऊंचाई और दुर्गम पहाड़ी परिस्थितियों के बीच परिवार को तत्काल मदद की जरूरत थी। ऐसे नाजुक समय में चमोली पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बिना देर किए मासूम को श्री हेमकुण्ड साहिब स्थित डिस्पेंसरी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया। समय पर सहायता और उपचार मिलने के बाद मासूम की तबीयत में सुधार हुआ और वह स्वस्थ है। बच्चे को सुरक्षित देखकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उनके चेहरों पर खुशी लौट आई। मुश्किल घड़ी में चमोली पुलिस के जवानों की तत्परता और अपनत्व से अभिभूत परिजनों ने पुलिस जवानों का हृदय से आभार व्यक्त किया। समय पर मिली मदद से परिवार को बड़ी राहत मिली और उनकी चिंता खुशी में बदल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *