Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल के विकासखंड यमकेश्वर के सिरासू क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पर्यटन सुविधाओं के विकास स्थानीय युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा पर्यटकों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने राफ्टिंग बोटिंग होमस्टे और प्री वेडिंग शूट डेस्टिनेशन के रूप में क्षेत्र को विकसित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि सिरासू के समग्र विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट डीपीआर शासन को भेजी गई है। इसमें दुकानें वाटर पार्क चिल्ड्रन पार्क और कॉटेज सहित विभिन्न सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव शामिल है। उन्होंने बच्चों के पार्क का निरीक्षण करते हुए वहां नए और आकर्षक झूले लगाने सेल्फी पॉइंट विकसित करने तथा विद्युत व्यवस्था और शौचालय जैसी सुविधाओं के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए। इसके साथ ही पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के लिए टिहरी प्रशासन से समन्वय स्थापित करने को कहा। उन्होंने ग्राम पंचायत के माध्यम से पार्क का विकास कराने तथा ग्राम पंचायत और मनरेगा के माध्यम से बच्चों के खेल मैदान का निर्माण कराने के निर्देश भी दिए। सिरासू क्षेत्र में राफ्टिंग और बोटिंग की संभावनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी को संभावित स्थलों का सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों के लिए आवश्यक भूमि हस्तांतरण संबंधी प्रस्ताव तैयार करने तथा बोटिंग के प्रस्ताव पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र का चिन्हीकरण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इन पर्यटन गतिविधियों को शुरू करने की दिशा में कार्य किया जाए। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय महिलाओं और युवतियों से संवाद कर उनकी प्रशिक्षण संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को नवंबर माह से फोटोग्राफी कैटरिंग और मेकअप आर्टिस्ट संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कराने की दिशा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण लेने वाली युवतियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए होटल संचालकों और फोटोग्राफरों के साथ समन्वय स्थापित करने को भी कहा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में होमस्टे और ब्यूटी पार्लर स्थापित करने के प्रस्तावों की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने इच्छुक लोगों को होमस्टे शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उपयुक्त स्थलों का चिन्हीकरण करने और ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित लोगों से 10 नवंबर से पहले होमस्टे के लिए आवेदन करने को कहा। इसके साथ ही क्षेत्र में कैंटीन विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा गांव को प्री वेडिंग शूट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया गया है। इससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। हालांकि प्री वेडिंग शूट में शामिल होने वाले लोग रात में भी यहां नहीं ठहरते हैं। इसे देखते हुए उन्होंने स्थल पर सुविधाओं का और विस्तार करने पर जोर दिया ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें और क्षेत्र की पहचान मजबूत हो सके। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और गंदगी की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा बंदरों के आतंक की समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने वन विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इस दौरान जिलाधिकारी ने अंतरराष्ट्रीय शांति निकेतन का भी भ्रमण किया। उन्होंने वहां मौजूद पर्यटकों से संवाद कर क्षेत्र में उपलब्ध पर्यटन सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर ग्राम प्रधान पवित्रा देवी जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी तहसीलदार वैभव जोशी खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल एडीओ पंचायत आदेश सैनी प्रीतम सिंह राणा और कानूनगो सत्यपाल चौहान सहित संबंधित अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *