प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का अभियान जोर शोर से चलाया जा रहा है। इसी के तहत जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुधार और पैचवर्क कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क मरम्मत गड्ढा भरान नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बने गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए और पैचवर्क कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने भुवनेश्वरी मंदिर जाने वाले मार्ग के शुरुआती हिस्से का निरीक्षण करते हुए जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और सड़क को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर पानी जमा होने से उसे नुकसान पहुंचता है इसलिए पानी की निकासी इस प्रकार सुनिश्चित की जाए कि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। जिन स्थानों पर पुरानी नालियां मलबे से अवरुद्ध हैं वहां उनकी सफाई और मरम्मत कराई जाए। आवश्यकता के अनुसार नई नालियों का निर्माण भी किया जाए। उन्होंने सड़क किनारे झाड़ियों का कटान कराने और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। घुड़दौड़ी से आगे डांडापानी मोटर मार्ग पर सड़क धंसाव वाले स्थान का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक सुधार और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सड़क किनारे लगे अवैध साइन बोर्ड हटाने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों की नियमित निगरानी करने और पैचवर्क सहित अन्य मरम्मत कार्यों का स्थलीय सत्यापन करने को कहा। निरीक्षण के दौरान कमियां पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर पैचवर्क का कार्य संबंधित ठेकेदारों के माध्यम से कराया जाए। साथ ही मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जाए और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
