Spread the love

प्रदीप कुमार
पाबौ-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल में पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने तथा पशुधन के स्वास्थ्य और उत्पादकता में सुधार के उद्देश्य से पशुपालन विभाग की ओर से विकासखंड पाबौ में जन जागरूकता एवं पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के निर्देशन में आयोजित शिविर में पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन पद्धतियों पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और विभिन्न रोगों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। शिविर में पशुपालकों को विभाग की ओर से संचालित राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के बारे में बताया गया। इसके साथ ही संतुलित पशु आहार नियमित टीकाकरण कृमिनाशक दवाओं के उपयोग और पशुओं को विभिन्न बीमारियों से बचाने के उपायों की जानकारी दी गई। पशुधन बीमा के महत्व से अवगत कराते हुए पशुपालकों को बीमा योजना का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया। शिविर के दौरान पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया गया। इस अवसर पर 25 पशुपालकों को दवाएं वितरित की गईं जबकि 11 पशुपालकों को पशुओं में बांझपन निवारण संबंधी दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त 40 पशुपालकों को चारा बीज वितरित कर लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 40 लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया। पशुपालकों की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें पशुओं की नियमित देखभाल समय पर टीकाकरण और संतुलित पोषण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक परामर्श भी दिया गया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पौड़ी डॉ.विशाल शर्मा ने पशुपालकों से विभागीय योजनाओं और सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता नियमित पशु चिकित्सा और वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाकर पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता में सुधार किया जा सकता है। इससे पशुपालकों की आजीविका को भी सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *