Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से विकासखंड नैनीडांडा के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूखाल में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। मिशन शक्ति के तहत आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा लैंगिक अपराध घरेलू हिंसा साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही हेल्पलाइन नंबरों और नि:शुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों और महिलाओं को अपने अधिकारों तथा सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने 181 महिला हेल्पलाइन 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में पीड़ित कहां और किस प्रकार शिकायत कर सकते हैं इसकी जानकारी होना आवश्यक है। लक्ष्मी रावत ने बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में बिना डरे अपने अभिभावकों शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। उन्होंने घरेलू हिंसा और अन्य प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली सहायता के बारे में बताया। साथ ही न्यायालय के माध्यम से नि:शुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी। कार्यशाला में विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की शिकायत करने के लिए जागरूक किया गया। वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप कुमार भट्ट ने नशे से होने वाले दुष्प्रभावों और नशे की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य रेखा शर्मा सुरेंद्र बछ्वाण अमित कुमार राकेश मोहन नीलम बिष्ट सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *