प्रदीप कुमार
थलीसैंण-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पोषण माह के समापन पर बाल विकास परियोजना कार्यालय थलीसैंण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी ने थलीसैंण परियोजना की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के समर्पण सेवाभाव और मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां बच्चों के सर्वांगीण विकास कुपोषण दूर करने और समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके अथक प्रयासों से स्वस्थ और सुपोषित समाज के निर्माण को नई दिशा मिल रही है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की देखभाल के साथ ही गर्भवती महिलाओं धात्री माताओं और बच्चों को पोषण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का योगदान सराहनीय है। कार्यक्रम में छह महिलाओं को पोषण किट वितरित की गई। इसके साथ ही 10 किशोरी बालिकाओं को किशोरी पोषण किट और पांच लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। बालिकाओं को बालिका नेम प्लेट भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की ओर से तैयार की गई पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन कराया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से पौष्टिक आहार और संतुलित भोजन के महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज रावत ज्येष्ठ प्रमुख सुनीता रावत बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा सुपरवाइजर बबीता चौहान ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मुकेश कुमार और अमित सहित विभिन्न सेक्टरों की सुपरवाइजर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां तथा लाभार्थी उपस्थित रहे।
