प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय 24वीं राज्य स्तरीय शरदकालीन विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंडर-14 अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्गों में देहरादून की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों खिताब अपने नाम किए और ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। अंडर-14 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में देहरादून ने ऊधमसिंह नगर को 33-31 से हराया जबकि दूसरे सेमीफाइनल में रुद्रप्रयाग ने उत्तरकाशी को 31-23 से पराजित किया। फाइनल मुकाबले में देहरादून ने रुद्रप्रयाग को 37-21 से हराकर विजेता ट्रॉफी जीती। रुद्रप्रयाग की टीम उपविजेता रही। अंडर-17 वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में देहरादून ने हरिद्वार को 42-19 से और नैनीताल ने उत्तरकाशी को 26-19 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में देहरादून ने नैनीताल को 39-20 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-19 वर्ग के सेमीफाइनल में ऊधमसिंह नगर ने हरिद्वार को 19-12 से और देहरादून ने रुद्रप्रयाग को 41-20 से हराया। फाइनल मुकाबले में देहरादून ने ऊधमसिंह नगर को 20-12 से पराजित कर तीसरा खिताब भी जीत लिया। इस तरह देहरादून की टीम तीनों वर्गों में विजेता बनकर ओवरऑल चैंपियन रही। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने विजेता टीमों को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक विजयपाल सिंह खंड शिक्षा अधिकारी प्रतापनगर दीपक कुमार और संयोजक विद्यालय पूर्णानंद इंटर कॉलेज मुनि की रेती के प्रधानाचार्य अजीत पाल रौथाण सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला समन्वयक विनोद नेगी अंतरराष्ट्रीय रेफरी मनोज नेगी व्यायाम शिक्षक धीरेंद्र सिंह असवाल राजपाल नेगी निश्चल यशपाल रावत दिनेश रावत युद्धवीर सिंह पुंडीर आजाद बिष्ट दिनेश बिष्ट नवीन बड़ोनी सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा।
