Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में पौड़ी पुलिस की ओर से नशा तस्करों और संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में 90 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में आठ आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी आत्मप्रकाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को कोतवाली लैंसडाउन पुलिस और सीआईयू की टीम ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान दो वाहनों से कुल 90 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इस मामले में नशे के सप्लायरों और मुख्य तस्करों सहित सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने एक अन्य आरोपी आत्मप्रकाश को 28 सितंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों और पूर्व आपराधिक इतिहास के साथ ही संगठित रूप से गिरोह बनाकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने से संबंधित तथ्यों के आधार पर गैंगचार्ट का अनुमोदन 7 सितंबर 2026 को किया गया था। इसके आधार पर कोतवाली लैंसडाउन में गैंग लीडर लव कुमार और उसके सात अन्य साथियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसी मामले में पुलिस टीम ने आत्मप्रकाश पुत्र सुरेश कुमार निवासी सब्जी मंडी कांठ रोड मुरादाबाद उत्तर प्रदेश उम्र 40 वर्ष को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम पुलिस टीम में रिखणीखाल थानाध्यक्ष निरीक्षक मौहम्मद अकरम अंसारी अपर उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार और हेड कांस्टेबल पंकज कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *