प्रदीप कुमार
श्यामपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। विद्यार्थियों और अभिभावकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोतवाली श्यामपुर पुलिस की ओर से श्री राम विद्या मंदिर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों के खतरों से बच्चों को बचाना और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल दुनिया में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें। यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। कार्यक्रम में अभिभावकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। विद्यालय प्रबंधन और विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को कार बाइक स्कूटी सहित किसी भी प्रकार का वाहन चलाने देना गैरकानूनी होने के साथ ही उनके जीवन के लिए खतरनाक भी है। अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और उन्हें तब तक वाहन न सौंपें जब तक वे निर्धारित आयु पूरी कर वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त न कर लें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े कई सवाल पूछे। पुलिस प्रतिनिधियों ने उनके सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्रबंधक ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और उनका उज्ज्वल भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। तकनीक का सही इस्तेमाल करना और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में आगे भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और यातायात नियमों का पालन करने की शपथ लेने के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
