Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली लक्सर पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अकरम उर्फ भोला पुत्र अहसान निवासी जामा मस्जिद के निकट सुल्तानपुर थाना कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहा है और घर में घुसकर चोरी तथा नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत जनपद में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमित रूप से प्रभावी और सघन चेकिंग की जा रही है। इसी अभियान के तहत 9 अक्टूबर 2026 को गश्त और चेकिंग के दौरान लक्सर पुलिस ने सुल्तानपुर क्षेत्र से आरोपी को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। आरोपी के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध कोतवाली लक्सर में पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में वर्ष 2021 में घर में घुसकर चोरी और चोरी का सामान रखने से संबंधित मामला दर्ज है। वर्ष 2022 में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसी वर्ष घर में घुसकर चोरी और चोरी का सामान रखने से संबंधित एक अन्य मामला भी दर्ज है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2026 में मादक पदार्थों से संबंधित मामला भी दर्ज किया गया था। इस कार्रवाई में सुल्तानपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी कांस्टेबल जितेन्द्र नेगी और कांस्टेबल नरेश नेगी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *