Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण सभागार सीसीआर में उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के समग्र विकास आधारभूत ढांचे को मजबूत करने जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन प्रशासनिक सुधारों और युवाओं के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने कुल 13 प्रस्तावों पर निर्णय लेते हुए विकास कार्यों को गति देने और प्रदेश की व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए। बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी डॉ.धन सिंह रावत सुबोध उनियाल सौरभ बहुगुणा खजान दास भरत सिंह चौधरी मदन कौशिक प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा ने प्रतिभाग किया। बैठक में मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन प्रमुख सचिव आरके सुधांशु आर मीनाक्षी सुंदरम सचिव शैलेश बगौली डॉ.आर राजेश कुमार सचिव विनय शंकर पांडेय और डॉ रणवीर सिंह चौहान भी मौजूद रहे। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कैबिनेट में लिए गए निर्णयों की जानकारी मीडिया को दी।
प्रधानमंत्री और भारत सरकार का जताया आभार
कैबिनेट ने उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सहयोग प्रदान करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। राज्य की विशिष्ट पर्वतीय सीमावर्ती और सामरिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी विकास की प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं के अनुरूप केंद्र सरकार से निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई गई।
मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास के लिए सोसायटी गठन को मंजूरी
हरिद्वार के ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के समग्र विकास और विस्तार के लिए सोसायटी के गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। संस्थान को योग एवं ध्यान केंद्र आयुर्वेद अध्ययन एवं अनुसंधान केंद्र ज्योतिष एवं प्राच्य अध्ययन केंद्र ललित कला केंद्र हिंदू अध्ययन एवं दर्शन केंद्र तथा आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इसका उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा प्राचीन विज्ञान संस्कृति और आधुनिक शोध को बढ़ावा देना है।
निवेश और आधारभूत संरचना विकास अधिनियम की अनुसूची में संशोधन
उत्तराखंड निवेश और आधारिक संरचना विकास और विनियम अधिनियम 2023 के अंतर्गत अनुसूची तीन में संशोधन को मंजूरी दी गई। इसके तहत सार्वजनिक अभिकरणों स्थानीय निकायों राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों और वित्तीय रूप से स्वायत्त संस्थाओं की परिसंपत्तियों के विनिवेश एवं मुद्रीकरण से प्राप्त आय का 92 प्रतिशत हिस्सा संबंधित सार्वजनिक अभिकरणों को दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इससे परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और आधारभूत ढांचे के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
द्वितीय उत्तराखंड जन विश्वास संशोधन विधेयक विधानसभा में होगा पेश
प्रदेश में व्यापारिक गतिविधियों को सरल बनाने और कारोबार सुगमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से द्वितीय उत्तराखंड जन विश्वास प्रावधानों में संशोधन विधेयक 2026 को विधानसभा में प्रस्तुत करने की मंजूरी दी गई। इसके माध्यम से छोटे अपराधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने मामूली तकनीकी और प्रक्रियात्मक त्रुटियों के लिए नागरिक दंड तथा प्रशासनिक कार्रवाई का प्रावधान करने और कानूनों के अप्रचलित एवं अनावश्यक प्रावधानों को हटाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली 2026 को मंजूरी
बाढ़ संभावित क्षेत्रों में भूमि के उपयोग और विकास गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली 2026 को मंजूरी दी गई। इसके तहत उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण अधिनियम 2012 के प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए विस्तृत प्रक्रिया मानक और कार्यप्रणाली निर्धारित की जाएगी। इसका उद्देश्य बाढ़ के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखते हुए जनजीवन संपत्ति और महत्वपूर्ण अवस्थापनाओं को संभावित बाढ़ से होने वाले नुकसान से सुरक्षित रखना है।
विधानसभा के तृतीय सत्र की तिथि और स्थान तय करने का अधिकार मुख्यमंत्री को
मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र को आहूत करने की मंजूरी प्रदान की। विधानसभा सत्र की तिथि और स्थान निर्धारित करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया है।
अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक 2026 को मंजूरी
प्रदेश में अग्निशमन और आपात सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक 2026 को विधानसभा में प्रस्तुत करने की मंजूरी दी गई। यह विधेयक भारत सरकार के मॉडल फायर सर्विस बिल 2019 के अनुरूप तैयार किया गया है। इसके तहत बढ़ते औद्योगिक विकास नगरीकरण आपदाओं और संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए वर्तमान अग्निशमन संबंधी अधिनियम की समीक्षा कर नया कानून लाने का प्रस्ताव है।
सेवामुक्त अग्निवीरों को भर्ती में मिलेगी राहत
उत्तराखंड की राज्याधीन सेवाओं में समूह ग के सीधी भर्ती वाले वर्दीधारी पदों पर सेवामुक्त अग्निवीरों के सेवायोजन के लिए क्षैतिज आरक्षण नियमावली 2026 को मंजूरी दी गई। वर्ष 2025 की पूर्व नियमावली में सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण अधिकतम आयु सीमा में छूट और शारीरिक दक्षता परीक्षा में छूट का प्रावधान था। केंद्र सरकार के नवीन दिशा-निर्देशों के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया में आवश्यक संशोधन और छूट के प्रावधान शामिल करने के उद्देश्य से नई नियमावली तैयार की गई है। इसके तहत लिखित परीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षा में छूट प्रदान की गई है।
संस्कृति विभाग के वित्तीय अधिकारों में संशोधन
उत्तराखंड वित्तीय हस्तपुस्तिका खंड एक के वित्तीय अधिकारों के प्रतिनिधायन से संबंधित प्रावधान में संशोधन को मंजूरी दी गई। इसके तहत संस्कृति विभाग के विभागाध्यक्ष के रूप में पहले दर्ज निदेशक कला एवं संस्कृति विभाग के स्थान पर महानिदेशक संस्कृति निदेशालय उत्तराखंड को प्रतिस्थापित किया जाएगा। इससे विभागीय प्रशासनिक व्यवस्था के अनुरूप वित्तीय अधिकारों का संचालन सुनिश्चित हो सकेगा।
स्वजल और राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के 215 पदों की अवधि बढ़ी
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत परियोजना प्रबंधन इकाई स्वजल और राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन में कुल 215 पदों की निरंतरता को एक मार्च 2026 से 28 फरवरी 2027 तक बढ़ाने की मंजूरी दी गई। इनमें स्वजल के 189 और राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन के 26 पद शामिल हैं। संबंधित कार्मिकों को पहले की तरह वेतन और मानदेय का भुगतान राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन की ओर से किया जाएगा।
हरिद्वार के सिसौना में आवासीय परियोजना के पहुंच मार्ग में छूट
हरिद्वार जनपद की भगवानपुर तहसील के ग्राम सिसौना में प्रधानमंत्री आवास योजना तथा केंद्र और राज्य सरकार की आवास नीति के अनुरूप प्रस्तावित किफायती आवासीय परियोजना के पहुंच मार्ग की न्यूनतम चौड़ाई में शिथिलता को मंजूरी दी गई। लगभग 8.1169 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित परियोजना के तलपट मानचित्र की स्वीकृति के लिए निर्धारित नौ मीटर चौड़े पहुंच मार्ग के स्थान पर उपलब्ध छह मीटर चौड़े मार्ग को देखते हुए तीन मीटर की छूट प्रदान की गई है।
ऊधमसिंह नगर में भू-उपयोग परिवर्तन के शासनादेश में त्रुटि सुधार
ऊधमसिंह नगर जनपद की बाजपुर तहसील के ग्राम भौना इस्लामनगर में कुल 24,280 वर्गमीटर भूमि के औद्योगिक से आवासीय भू-उपयोग परिवर्तन से संबंधित शासनादेश में त्रुटि सुधार को मंजूरी दी गई। 10 नवंबर 2023 को जारी शासनादेश में खसरा नंबर 321/1अ गलती से दर्ज हो गया था। अब इसके स्थान पर सही खसरा नंबर 321/2अ दर्ज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना को मंजूरी
प्रदेश के साहसी और बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार योजना को मंजूरी दी गई। इसके तहत विपरीत परिस्थितियों में धैर्यपूर्वक कार्य करने और असाधारण साहस पराक्रम मानवीय संवेदना एवं वीरता का परिचय देने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। योजना का उद्देश्य ऐसे बच्चों को प्रोत्साहित करना और उन्हें अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *