Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सचिव कार्मिक एवं सतर्कता नवनीत पांडेय ने श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने धाम में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए श्रद्धालुओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। सचिव नवनीत पांडेय ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को बचाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। केदारनाथ धाम जैसे पवित्र तीर्थस्थल की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रत्येक श्रद्धालु को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने धाम में स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से संचालित कैरी मी बैक अभियान को प्रोत्साहित करते हुए श्रद्धालुओं से इसमें सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान प्लास्टिक की बोतलें रैपर और अन्य कचरा खुले में न फेंकें। अपने साथ लाए गए कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में डालें या वापस अपने साथ ले जाएं ताकि उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि कैरी मी बैक अभियान का उद्देश्य कचरे के उचित निस्तारण को बढ़ावा देना और श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। सचिव ने सभी श्रद्धालुओं से इस अभियान में सक्रिय रूप से जुड़कर केदारनाथ धाम को स्वच्छ सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही हिमालयी पर्यावरण का संरक्षण किया जा सकता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इस पवित्र धाम की प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *