प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के शीघ्र पुनर्निर्माण और मरम्मत के लिए राज्य सरकार ने राज्य आपदा मोचन निधि से 30 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। इसमें प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के लिए अलग-अलग 15-15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। राज्य के आपदा प्रभावित विद्यालयों के भवनों चारदीवारी खेल मैदान शौचालय और अन्य परिसंपत्तियों का पुनर्निर्माण एवं मरम्मत इस धनराशि से कराई जाएगी। इस संबंध में महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे ने सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर आवंटित धनराशि का शीघ्र उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को मार्च 2027 तक पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूरे कर उपयोगिता प्रमाण पत्र शिक्षा महानिदेशालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए हैं। राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालयों के लिए चमोली पिथौरागढ़ चम्पावत उत्तरकाशी पौड़ी टिहरी रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जनपद को प्रत्येक जिले के लिए 1.25 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। वहीं हरिद्वार देहरादून नैनीताल बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर जनपद को प्रत्येक जिले के लिए 1.1 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इसी प्रकार माध्यमिक विद्यालयों के लिए भी चमोली पिथौरागढ़ चम्पावत उत्तरकाशी पौड़ी टिहरी रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जनपद को प्रत्येक जिले के लिए 1.25 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। जबकि हरिद्वार देहरादून नैनीताल बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर जनपद को प्रत्येक जिले के लिए 1.1 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस तरह प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के लिए कुल 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपदा मद से आवंटित धनराशि का उपयोग शीघ्र किया जाए। मार्च 2027 तक पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्य पूरे कर उपयोगिता प्रमाण पत्र शिक्षा महानिदेशालय को उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा कराने को कहा गया है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों का शीघ्र पुनर्निर्माण कर उन्हें सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा। इसके लिए प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के लिए जनपदवार कुल 30 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि विद्यालयों को जल्द से जल्द पूर्ववत स्वरूप में लाया जा सके। राज्य सरकार की ओर से जारी इस धनराशि से आपदा प्रभावित विद्यालयों की क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों को दुरुस्त करने और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। अधिकारियों को कार्यों की प्रगति पर ध्यान देने और निर्धारित समय पर उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
