प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बदरीनाथ धाम में मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी 60 वर्षीय बृह मोहन माहेश्वरी की अचानक तबीयत बिगड़ने पर जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें हेलीकॉप्टर के माध्यम से देहरादून पहुंचाने की व्यवस्था की। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया गया। जानकारी के अनुसार बदरीनाथ धाम में बृह मोहन माहेश्वरी अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गए। इसके बाद उन्हें तत्काल बदरीनाथ अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ रेफर कर दिया गया। ज्योतिर्मठ में चिकित्सकों ने श्रद्धालु की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र में ले जाने की सलाह दी। इसके बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने आपसी समन्वय स्थापित कर हेलीकॉप्टर के माध्यम से उन्हें ज्योतिर्मठ से देहरादून पहुंचाने की व्यवस्था की ताकि उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
