Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ असम के श्रीभूमि जिले के रानीबाड़ी निवासी पल्लव देव पैदल भारत भ्रमण पर निकले हैं। पांच मई 2025 से शुरू हुई उनकी यह यात्रा 12 अक्टूबर 2026 को श्री बदरीनाथ धाम की ओर जारी थी। इस दौरान चमोली पुलिस ने सहयोग करते हुए उन्हें नया राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा उपलब्ध कराया और आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं देकर उनका हौसला बढ़ाया। अपनी यात्रा के दौरान पल्लव देव पीपलकोटी पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पास मौजूद राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा खराब हो गया है। आगे की यात्रा में तिरंगे को अपने साथ रखने के लिए उन्हें नए राष्ट्रीय ध्वज की आवश्यकता है। उनकी बात सुनकर पीपलकोटी चौकी पुलिस ने संवेदनशीलता और सहयोग का परिचय देते हुए उन्हें नया तिरंगा प्रदान किया। साथ ही नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता का संदेश फैलाने के उनके प्रयासों की सराहना करते हुए अभियान को निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। नया तिरंगा मिलने पर पल्लव देव ने चमोली पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया। पहाड़ों के कठिन रास्तों पर पैदल यात्रा कर रहे पल्लव देव के लिए पुलिस की यह मदद उनके सफर की एक यादगार कड़ी बन गई। हजारों किलोमीटर की यात्रा के माध्यम से नशामुक्त भारत का संदेश पहुंचाने का उनका प्रयास समाज को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की प्रेरणा देता है। चमोली पुलिस का प्रयास है कि जनपद में आने वाले श्रद्धालुओं पर्यटकों और यात्रियों को आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए। पुलिस ने संदेश दिया कि नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में उठाया गया हर सकारात्मक कदम महत्वपूर्ण है। सभी लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *