Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। भागीरथी कला सामाजिक संस्था के सदस्यों की मासिक बैठक कल्याणेश्वर धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता के साथ-साथ सामाजिक कार्यों और पुरानी संस्कृति एवं रीति-रिवाजों को संरक्षित करने पर चर्चा की गई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ईगास बूढ़ी दीपावली का पर्व रामलीला मैदान में धूमधाम से मनाया जाएगा। पर्व के अवसर पर भेला कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य पुरानी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना तथा नई पीढ़ी को इनके प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि समय के साथ हमारी कई परंपराएं और रीति-रिवाज लुप्त होते जा रहे हैं। ऐसे में नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और अपने पूर्वजों की परंपराओं का महत्व समझाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी आधुनिक जीवनशैली के प्रभाव में अपनी संस्कृति और परंपराओं से दूर होती जा रही है। इससे सामाजिक मूल्यों पर भी असर पड़ रहा है। ऐसे में समिति के सदस्य अपने व्यक्तिगत कार्यों से समय निकालकर सामाजिक गतिविधियों में भाग लेते हैं और नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करते हुए उसे सही दिशा देने का प्रयास करते हैं। राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने कहा कि सामाजिक कार्य करना आसान नहीं है लेकिन समाज और संस्कृति के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। संस्था लगातार सामाजिक कार्यों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति प्रेरित करने का प्रयास कर रही है। बैठक में संरक्षक रमेश चंद्र थपलियाल के साथ भगत सिंह बिष्ट प्रणोद नौड़ियाल दीनबंधु सिंह चौहान रघुवीर रावत हरेंद्र तोमर राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल और संजय कोठारी सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *