Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी चमोली राज कुमार पाण्डेय ने की। इस दौरान आमजन की समस्याओं और शिकायतों को सुनते हुए कुल 17 शिकायतों पर सुनवाई की गई। उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता मिलन कार्यक्रम में ग्राम रविग्राम ज्योतिर्मठ निवासी वैभव सकलानी ने भू-धंसाव क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों के संबंध में शिकायत रखी। इस पर उपजिलाधिकारी ने समिति गठित कर निर्माण कार्यों की जांच कराने के निर्देश दिए। ग्राम डुंगरी निवासी अर्जुन सिंह ने नल जल मित्र के रूप में किए गए कार्य के मानदेय भुगतान का मामला उठाया। इस पर उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार गोपेश्वर के मंदिर मार्ग निवासी शांता देवी ने अपने मकान में पानी के रिसाव से हो रही परेशानी से अवगत कराया। उपजिलाधिकारी ने नगर पालिका को समस्या के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी राज कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *