प्रदीप कुमार
कर्णप्रयाग-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। कर्णप्रयाग पुलिस ने माता-पिता के साथ मारपीट कर उन पर जानलेवा हमला करने के आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बताया गया गुलाबी रंग का चाकू और दाढ़ी बनाने वाला ब्लेड सहित तीन फीट 11 इंच लंबा लकड़ी का डंडा बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार 11 अक्टूबर 2026 को विक्रम सिंह निवासी ग्राम बगोली थाना कर्णप्रयाग जनपद चमोली ने कोतवाली कर्णप्रयाग में शिकायत देकर बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे उनके 27 वर्षीय बेटे मनोज ने उनके और उनकी पत्नी शांति देवी के साथ मारपीट और झगड़ा किया। आरोप है कि मनोज ने अपने हाथ में लिए ब्लेड से जान से मारने की नीयत से उनके सीने और चेहरे पर वार किए। बचाव करने पर उनका गला दबाने का भी प्रयास किया गया। इस दौरान उनकी पत्नी और पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनका बेटा चाकू लेकर उन्हें और उनकी पत्नी को मारने आया था। इसके साथ ही वह पूर्व में भी उन पर तीन से चार बार हमला कर चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल के नेतृत्व में और बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए 11 अक्टूबर 2026 को आरोपी मनोज सिंह पुत्र विक्रम सिंह उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम बगोली को बगोली के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बताए गए गुलाबी रंग का एक चाकू दाढ़ी बनाने वाला एक ब्लेड और तीन फीट 11 इंच लंबा लकड़ी का डंडा बरामद किया है। पुलिस टीम में बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह गौचर चौकी के हेड कांस्टेबल हरेन्द्र सिंह हेड कांस्टेबल राकेश पोखरियाल और पीआरडी भूपेन्द्र लाल शामिल रहे।
