प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली लक्सर पुलिस ने मारपीट कर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसे 11 अक्टूबर को हिरासत में लिया। घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 9 अक्टूबर 2026 को सुमित कुमार पुत्र महिपाल निवासी अकोढ़ा कलां कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार ने पुलिस को सूचना दी कि बहादरपुर निवासी रितिक ने अपने साथी के साथ मिलकर उसके भाई राकेश के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की। सूचना मिलने के बाद कोतवाली लक्सर पुलिस ने मामले में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की। दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लक्सर को घटना की जांच कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक लक्सर ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी के आधार पर 11 अक्टूबर 2026 को घटना में शामिल रितिक को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक पुत्र शरणवीर सिंह निवासी बहादरपुर खादर कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय और कांस्टेबल मनोज शर्मा शामिल रहे।
