Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए राज्य सरकार ने 2.50 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। जनपदवार आवंटित बजट का उपयोग खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन खिलाड़ियों के भोजन यात्रा और खेल सुविधाओं पर किया जाएगा। इसके साथ ही पिछले वर्ष राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के व्यय बिलों के भुगतान के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए सरकार ने कुल 2.50 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन खिलाड़ियों के भोजन यात्रा और खेल सुविधाओं के लिए जनपदवार 1 करोड़ 35 लाख 60 हजार रुपये जारी किए गए हैं। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों पर हुए व्यय के भुगतान के लिए 1 करोड़ 11 लाख रुपये की व्यवस्था की गई है ताकि पिछले वर्ष के लंबित व्यय बिलों का भुगतान किया जा सके। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए स्वीकृत बजट के तहत अल्मोड़ा जनपद को 10 लाख 42 हजार 500 रुपये बागेश्वर को 7 लाख 79 हजार 400 रुपये चमोली को 10 लाख 65 हजार 600 रुपये चंपावत को 9 लाख 28 हजार 800 रुपये देहरादून को 16 लाख 88 हजार रुपये हरिद्वार को 7 लाख 8 हजार 200 रुपये नैनीताल को 13 लाख 26 हजार रुपये पौड़ी को 12 लाख 74 हजार 300 रुपये पिथौरागढ़ को 8 लाख 32 हजार 100 रुपये रुद्रप्रयाग को 5 लाख 20 हजार 600 रुपये टिहरी को 7 लाख 63 हजार 500 रुपये ऊधम सिंह नगर को 19 लाख 33 हजार रुपये तथा उत्तरकाशी जनपद को 6 लाख 98 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए 30 लाख 60 हजार रुपये की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा खिलाड़ियों के भोजन के लिए 55 लाख रुपये और प्रतिभागियों के यात्रा व्यय के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शेष धनराशि खेल प्रतियोगिताओं का वार्षिक कैलेंडर जारी होने के बाद आवंटित की जाएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं में 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के प्रतिभाग करने की संभावना है। बजट आवंटित होने से खिलाड़ियों को पर्याप्त खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी जिससे वे प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने के पर्याप्त अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए 2.50 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में बजट की कमी आड़े नहीं आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *