प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। महिलाओं और किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य सुविधा तथा माहवारी स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल की ओर से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बाल विकास विभाग के माध्यम से जनपद में 723 स्थानों पर सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। इन मशीनों के माध्यम से महिलाओं और किशोरी बालिकाओं को जरूरत के समय कम कीमत पर सेनेटरी पैड उपलब्ध हो रहे हैं। इसके साथ ही इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था कर स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि जनपद में आंगनवाड़ी केंद्रों बालिका विद्यालयों विश्वविद्यालयों और महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं की अधिक आवाजाही वाले सार्वजनिक स्थानों पर सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। इन मशीनों से एक सेनेटरी पैड मात्र ढाई रुपये में प्राप्त किया जा सकता है। पांच रुपये का सिक्का डालने पर दो पैड मिलते हैं। इससे जरूरतमंद महिलाओं और बालिकाओं को कम कीमत पर आसानी से सेनेटरी पैड उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि माहवारी स्वच्छता महिलाओं और किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। आवश्यक स्वच्छता सामग्री की सुलभ उपलब्धता से उन्हें सुविधा मिलने के साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने में भी मदद मिलती है। मशीनों की उपयोगिता और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक महिलाओं और किशोरी बालिकाओं को इस सुविधा का लाभ मिल सके। सेनेटरी पैड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए अधिकांश स्थानों पर सेनेटरी पैड डिस्पोजल मशीनें यानी इनसिनरेटर स्थापित किए गए हैं। इन उपकरणों में उच्च तापमान के माध्यम से इस्तेमाल किए गए पैड का निस्तारण किया जाता है। इससे खुले में पैड फेंकने की समस्या को कम करने और आंगनवाड़ी केंद्रों, विद्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलती है। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि वेंडिंग मशीनों की नियमित रिफिलिंग और संचालन पर ध्यान दिया जा रहा है ताकि आवश्यकता के समय महिलाओं और किशोरी बालिकाओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध हो सकें। वेंडिंग मशीनों के साथ निस्तारण की सुविधा उपलब्ध कराने से माहवारी स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने में भी मदद मिल रही है। जनपद में 723 स्थानों पर सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनों की स्थापना महिलाओं और किशोरी बालिकाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। किफायती दर पर सेनेटरी पैड की उपलब्धता और इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था से माहवारी स्वच्छता को सहज बनाने तथा महिलाओं और बालिकाओं के लिए स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण तैयार करने में मदद मिल रही है।
