प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए टिहरी पुलिस सतर्कता बरत रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में अग्निशमन विभाग की ओर से विभिन्न प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण और फायर रिस्क ऑडिट किया जा रहा है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र नगर क्षेत्र में स्थित तीन होटलों का अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया गया। मुख्यालय से प्राप्त आदेशों के क्रम में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और मुख्य अग्निशमन अधिकारी टिहरी गढ़वाल के निर्देशों के अनुपालन में अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र नगर देवेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने होटल वेस्टर्न होटल ब्लूम बुटीक और होटल अनुतरा का फायर रिस्क निरीक्षण एवं ऑडिट किया। निरीक्षण के दौरान तीनों होटलों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की स्थिति और उनकी कार्यशीलता की जांच की गई। इसके साथ ही विद्युत कनेक्शन विद्युत सुरक्षा व्यवस्था अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र और आपातकालीन परिस्थितियों में कर्मचारियों की तत्परता का जायजा लिया गया। होटल परिसरों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया गया। अग्नि दुर्घटना की स्थिति में आग पर तत्काल नियंत्रण पाने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में होटल प्रबंधन को दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान होटलों में उपलब्ध आपातकालीन निकास मार्गों की भी जांच की गई। संबंधित होटल प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि आपातकालीन निकास मार्गों को हमेशा खुला और अवरोधमुक्त रखा जाए ताकि आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में होटल में ठहरे पर्यटकों आगंतुकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। इसके अतिरिक्त होटल कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और समन्वित कार्रवाई करने तथा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की स्थिति में की जाने वाली प्रारंभिक कार्रवाई अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग और आग से बचाव के आवश्यक उपायों की जानकारी भी दी। होटल प्रबंधन और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन करें। अग्निशमन उपकरणों को निर्धारित स्थानों पर स्थापित करने के साथ उनकी नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करें। कर्मचारियों को अग्नि दुर्घटना के दौरान घबराने के बजाय सतर्कता और सूझबूझ के साथ त्वरित कार्रवाई करने के लिए तैयार रहने को भी कहा गया। टिहरी पुलिस ने होटल संचालकों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। अग्निशमन उपकरणों को क्रियाशील स्थिति में रखें विद्युत सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें और आपातकालीन निकास मार्गों को किसी भी परिस्थिति में बाधित न होने दें। टिहरी पुलिस का उद्देश्य जनपद में आमजन पर्यटकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अग्नि दुर्घटनाओं की संभावनाओं को न्यूनतम करना है। इसके लिए भविष्य में भी विभिन्न प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं के निरीक्षण और जनजागरूकता संबंधी गतिविधियां जारी रहेंगी।
