Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं ने कोतवाली कोटद्वार का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर कार्यालय में रखे राजकीय और महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रखरखाव शस्त्रों की हैंडलिंग और आपदा प्रबंधन उपकरणों की कार्यशीलता पर विशेष जोर दिया गया। क्षेत्राधिकारी ने कोतवाली के मालखाने बैरक मैस सीसीटीएनएस कक्ष और सीसीटीवी प्रणाली का निरीक्षण किया। मालखाने में रखी सरकारी संपत्ति शस्त्रों और कारतूसों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों से शस्त्रों की हैंडलिंग का अभ्यास करवाया गया। आपदा प्रबंधन उपकरणों की स्थिति की जांच करते हुए उन्हें सदैव कार्यशील अवस्था में रखने के निर्देश दिए गए ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सके। निरीक्षण के उपरांत क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाईं ने पुलिस कार्मिकों का सम्मेलन लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को आमजन के साथ मृदु और शालीन व्यवहार बनाए रखने तथा अपने-अपने बीट क्षेत्र की समुचित जानकारी रखने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जन-पुलिस समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि आमजन और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित हो सके। उन्होंने साइबर अपराधों महिला संबंधी अपराधों और अन्य महत्वपूर्ण कानूनों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए अधिकाधिक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने और जनसुरक्षा से जुड़े विषयों पर सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *