Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड में आगामी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 14 से 16 अक्टूबर के बीच प्रदेश के विभिन्न मैदानी और पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में बदलाव के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने और तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है। मौसम निदेशक डॉ.सीएस तोमर ने बताया कि 15 अक्टूबर को गढ़वाल मंडल और 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के कुछ जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि 14 और 15 अक्टूबर को देहरादून नैनीताल और हरिद्वार समेत मैदानी जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 16 अक्टूबर को उत्तरकाशी चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में भी बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम में इस बदलाव का असर प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। खासकर पर्वतीय इलाकों में तापमान गिरने से ठंड बढ़ सकती है। डॉ.तोमर के अनुसार 14 अक्टूबर को 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं 15 और 16 अक्टूबर को 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। ऐसे में ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने के साथ ठंड बढ़ने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *