प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के पौराणिक एवं धार्मिक स्थल ताराकुंड को पर्यटन और तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पदयात्रा कर ताराकुंड पहुंचे। उन्होंने मां तारा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। आचार्य डॉ.शिव चरण नौडियाल ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। मंदिर परिसर में आयोजित खुली चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने ताराकुंड के विकास से जुड़े विभिन्न सुझाव रखे। ग्रामीणों ने सड़क संपर्क को सुचारू बनाने के साथ झील के सौंदर्यीकरण विश्राम गृह और ध्यान केंद्र के निर्माण तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की मांग की। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ग्रामीणों के सुझावों पर चर्चा करते हुए कहा कि ताराकुंड को पर्यटन एवं तीर्थाटन सर्किट से जोड़कर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि यहां विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश के पौराणिक मंदिरों और ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में ताराकुंड में मां तारा के भव्य मंदिर और प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही इस पौराणिक स्थल को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़कर तीर्थाटन सर्किट विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ताराकुंड को बुंखाल मंदिर पैठाणी स्थित राहु मंदिर भैरवनाथ मंदिर राजराजेश्वरी देवी मंदिर देवलगढ़ कमलेश्वर महादेव मंदिर और मां धारी देवी मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ तीर्थाटन सर्किट से जोड़ने की पहल की जाएगी। इससे क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। ताराकुंड के विकास से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र की धार्मिक महत्ता को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। सड़क संपर्क में सुधार झील का सौंदर्यीकरण विश्राम गृह और ध्यान केंद्र जैसी सुविधाओं के विकास से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। कैबिनेट मंत्री ने दोहराया कि ताराकुंड को पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
