Spread the love

प्रदीप कुमार
कनखल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली कनखल पुलिस और एसटीएफ देहरादून ने श्रद्धा भक्ति आश्रम के महंत रामगोविंद दास की हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित प्रदीप को हिरासत में लिया है। आरोपित वर्ष 2024 से फरार चल रहा था। कनखल पुलिस ने वर्ष 2024 में इस मामले का खुलासा करते हुए आश्रम पर कब्जा करने की साजिश और महंत की हत्या से जुड़े घटनाक्रम का पर्दाफाश किया था। पुलिस के अनुसार आश्रम को हथियाने और उसे 10 करोड़ रुपये में बेचने की योजना बनाई गई थी। पुलिस के मुताबिक 17 अक्टूबर 2024 को रुद्रनन्द पुत्र श्यामलहरी गिरी निवासी रायवाला गौरी गीता आश्रम बिरला मंदिर देहरादून ने महंत गोविंद दास शिष्य बिशम्बर दास महाराज निवासी श्रद्धा भक्ति आश्रम ज्ञानलोक कॉलोनी कनखल हरिद्वार के लापता होने की सूचना दी थी। सूचना में बताया गया था कि महंत 15 जून 2024 को धर्म प्रचार के लिए आश्रम से राजस्थान जाने की बात कहकर निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनकी गुमशुदगी दर्ज की गई थी। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक मुकेश राणा को सौंपी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आश्रम के कार्यकर्ताओं और महंत के परिचितों के बयान दर्ज किए। इस दौरान कुछ लोगों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें चिह्नित कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने महंत को नशीले इंजेक्शन देकर बेहोश करने और इसके बाद उनकी गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद शव को गंगा नदी में फेंक दिया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपित श्रद्धा भक्ति आश्रम पर कब्जा करना चाहते थे। आश्रम हरिद्वार शहर के बीच स्थित होने के कारण उसकी अच्छी कीमत मिलने की उम्मीद थी। इसी लालच में आश्रम को 10 करोड़ रुपये में बेचने की योजना बनाई गई थी। आरोपित महंत के हस्ताक्षर से फर्जी वसीयतनामा तैयार कर आश्रम पर अधिकार हासिल करना और उससे मुनाफा कमाना चाहते थे। पुलिस ने इस मामले में 19 अक्टूबर 2024 को योगी राम गोपाल नाथ अशोक कुमार ललित और संजीव को पकड़ा था। जबकि सौरभ और प्रदीप फरार चल रहे थे। दोनों फरार आरोपितों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार 12 अक्टूबर 2026 को 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित प्रदीप को पकड़ लिया गया। आरोपित की पहचान प्रदीप पुत्र बृजपाल सिंह निवासी ग्राम ऊदपुर थाना झिंझाना जनपद शामली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली कनखल के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह एसटीएफ देहरादून के उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट सहायक उपनिरीक्षक हितेश कुमार हेड कांस्टेबल संजय कुमार हेड कांस्टेबल देवेंद्र ममगाईं और हेड कांस्टेबल वीरेंद्र नौटियाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *