प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी जनगणना 2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के लिए हरिद्वार जनपद में 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक विकास भवन सभागार में फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। जनसंख्या गणना का कार्य नवंबर 2026 से प्रस्तावित है। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल फोन के माध्यम से आंकड़े एकत्र करेंगे जबकि निगरानी के लिए सीएमएमएस पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। 14 अक्टूबर को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं नीतियों और भविष्य की आवश्यकताओं के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए इस कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता पारदर्शिता और तत्परता के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। ऐसे में आंकड़ों की शुद्धता समयबद्ध संकलन और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण तथा तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही जनगणना कार्य की नियमित निगरानी करने और सभी संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। प्रशिक्षण से लेकर जमीनी स्तर पर कार्य के संचालन और निगरानी तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समयसीमा में सटीकता और पारदर्शिता के साथ पूरा हो सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर मो मुस्तफा खान अपर सांख्यिकी अधिकारी एवं जनगणना प्रभारी उत्तम सिंह अपर सांख्यिकी अधिकारी मीना नेगी सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-2 अमीर आलम नीरज कुमार और शिवम कुमार सहित जनगणना कार्य निदेशालय देहरादून के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
