Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग के रैंतोली में भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान एसबीआई आरसेटी के नवनिर्मित भवन का बुधवार को प्रदेश के ग्राम्य विकास लघु एवं सूक्ष्म उद्यम तथा खादी ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने लोकार्पण किया। 564.76 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से निर्मित इस भवन का निर्माण कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग प्रखंड रुद्रप्रयाग द्वारा किया गया है। नए भवन के शुरू होने से जनपद के ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने में आरसेटी के नवनिर्मित भवन की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। संस्थान के माध्यम से ग्रामीण बेरोजगार युवक-युवतियों को उनकी रुचि कौशल एवं स्थानीय संसाधनों के अनुरूप रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने तथा आजीविका के नए अवसर विकसित करने में सहायता मिलेगी। नवनिर्मित भवन में प्रशिक्षणार्थियों की सुविधा के लिए आधुनिक कंप्यूटर लैब वर्कशॉप बेहतर कक्ष दो डॉरमेट्री हॉल और किचन सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। भवन में प्रशिक्षणार्थियों के ठहरने भोजन तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण की व्यवस्था होने से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले युवक-युवतियों को विशेष लाभ मिलेगा। राज्य सरकार द्वारा संस्थान के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई है जबकि भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से भवन का निर्माण किया गया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसके लिए आईआईएम काशीपुर के साथ भी समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं जिसके माध्यम से उद्यमियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब केवल लखपति दीदी बनने तक सीमित नहीं हैं बल्कि करोड़पति दीदी बनने की दिशा में भी अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय कौशल विकास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से युवाओं एवं महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। जनपद में सेवा क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के पूर्ण होने के बाद जनपद में श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आरसेटी एवं अन्य प्रशिक्षण योजनाओं के माध्यम से युवाओं और उद्यमियों को अभी से प्रशिक्षित करना महत्वपूर्ण है ताकि वे भविष्य में बढ़ते पर्यटन एवं सेवा क्षेत्र की संभावनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित कर सकें और अपनी आजीविका को सशक्त बना सकें। आरसेटी में विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रमों एवं उद्यमिता विकास कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाती है। इसके साथ ही व्यवसाय शुरू करने बाजार की मांग को समझने उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने विपणन तथा वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी भी दी जाती है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रतिभागियों को अपने कौशल एवं स्थानीय संसाधनों के आधार पर स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार स्थापित करने वाले सफल उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं और अन्य लोगों को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बेकरी व्यवसाय से जुड़े सोहन सिंह बिष्ट मशरूम उत्पादन में बबीता रावत ट्रैक सूट निर्माण में पंकज बिष्ट पोल्ट्री फार्मिंग में सौरभ नेगी ब्यूटी पार्लर संचालन में प्रमिला देवी तथा डेयरी फार्मिंग से जुड़ी राजी भट्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्वरोजगार कर रहे सफल उद्यमियों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूह जय मां संतोषी एवं मातृभूमि संगठन की महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट रेडक्रास सोसायटी के अजय सेमवाल क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू ममगाईं ग्राम प्रधान अमित सजवाण मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश क्षेत्रीय प्रबंधक आरसेटी रवि शंकर सिन्हा निदेशक आरसेटी अरुण कुमार लीड बैंक मैनेजर अनूप सिंह असवाल अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग डॉ.मीनल गुलाटी और खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह सहित संबंधित विभागों एवं बैंक के अधिकारी बड़ी संख्या में प्रशिक्षु तथा आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *