प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को कैरियर मार्गदर्शन रोजगार के अवसरों और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की जा रही है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में नामित जनपद स्तरीय अधिकारी अपने-अपने आवंटित विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को जागरूक कर रहे हैं और उनकी समस्याओं को समझते हुए कैरियर काउंसलिंग कर रहे हैं। यह अभियान बीते 15 सितंबर से शुरू हुआ है और आगामी 18 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत अधिकारी विद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं को भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं ताकि विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य के लिए सही दिशा चुन सकें। अभियान के क्रम में जिला उद्यान अधिकारी राजेश प्रसाद जसोला ने राजकीय इंटर कॉलेज चंद्रनगर में विद्यार्थियों का कैरियर मार्गदर्शन किया। वहीं जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रघुवीर सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज ग्वेफड में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग में छात्राओं को जानकारी दी। सहायक अभियंता सुशील कुमार तिवाड़ी ने राजकीय इंटर कॉलेज खेड़ाखाल तथा सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ ललित कुमार ने राजकीय इंटर कॉलेज रांसी में विद्यार्थियों को मार्गदर्शित किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ पर्यावरण संरक्षण स्वच्छता समाज सेवा नागरिक कर्तव्यों और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सत्र आयोजित किए। इस दौरान विद्यार्थियों में दायित्व बोध की भावना विकसित करने और कैरियर काउंसलिंग के माध्यम से उनके भविष्य को बेहतर दिशा देने पर जोर दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान के लिए कुल 85 विद्यालयों में अलग-अलग अधिकारियों को नामित किया गया है। नामित अधिकारी विद्यालयों में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं रोजगार के अवसरों तथा व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी दे रहे हैं। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी शिक्षा और रोजगार से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है ताकि वे अपने भविष्य के लिए सही दिशा चुन सकें।
