प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत 32 प्रधानाध्यापकों एवं प्रधानाध्यापिकाओं को प्रधानाचार्य के पद पर पदोन्नति दे दी गई है। विभागीय मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद शासन स्तर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। सभी पदोन्नत प्रधानाचार्यों को विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में पदोन्नति कोटे के रिक्त पदों के सापेक्ष तैनाती भी दे दी गई है। लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे राज्य शैक्षिक अध्यापन संवर्ग के 32 प्रधानाध्यापकों एवं प्रधानाध्यापिकाओं को प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही सभी पदोन्नत प्रधानाचार्यों के लिए राजकीय बालक एवं बालिका इंटर कॉलेजों में रिक्त पदों के सापेक्ष तैनाती के आदेश भी जारी किए गए हैं। विद्यालयी शिक्षा सचिव ज्योति यादव की ओर से जारी आदेश के तहत एक दर्जन पदोन्नत प्रधानाचार्यों को देहरादून जनपद के विभिन्न इंटर कॉलेजों में तैनाती दी गई है। वहीं उत्तरकाशी पौड़ी और ऊधमसिंह नगर जनपद में तीन-तीन प्रधानाचार्यों को तैनाती मिली है। हरिद्वार में पांच नैनीताल में चार तथा टिहरी और चमोली जनपद में एक-एक प्रधानाचार्य को तैनात किया गया है। शासन ने सभी पदोन्नत प्रधानाचार्यों को नवीन तैनाती स्थल पर एक पखवाड़े के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद इसकी अनुपालन आख्या शासन को भेजी जाएगी। राजकीय इंटर कॉलेजों में स्थायी प्रधानाचार्यों की तैनाती होने से विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। इससे विद्यालयों के संचालन और शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भी लाभ मिल सकेगा विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा विभाग में 32 प्रधानाध्यापकों को पदोन्नत कर प्रधानाचार्य पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रधानाचार्यों की तैनाती से विद्यालयों के संचालन शैक्षणिक अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी।
