प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के स्वर्ण जयंती वर्ष के अंतर्गत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिल रहा है। मैदानी खेलों के साथ ही कैरम और शतरंज जैसी इनडोर प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। अंडर-14 कैरम प्रतियोगिता में 32 बालक-बालिकाएं और ओपन शतरंज प्रतियोगिता में 18 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। वहीं ओपन कैरम के मुकाबले कल से शुरू होंगे। कैरम प्रतियोगिता के संयोजक रमेश असवाल ने बताया कि अंडर-14 वर्ग की प्रतियोगिता में स्थानीय क्षेत्रों के 32 बालक-बालिकाएं प्रतिभाग कर रहे हैं। नॉकआउट आधार पर आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों ने एकाग्रता और सटीक निशाने के साथ अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। वहीं ओपन शतरंज प्रतियोगिता में कुल 18 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के सह-संयोजक शिवम डुंडी और हितेश जोशी ने बताया कि ओपन वर्ग में जूनियर और अनुभवी खिलाड़ी एक साथ अपनी रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। शतरंज की बिसात पर खिलाड़ियों की चालों और सूझबूझ ने खेल प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया। कैरम प्रतियोगिता के संयोजक रमेश असवाल ने बताया कि कल से ओपन कैरम सिंगल्स और डबल्स मुकाबले शुरू होंगे। इन प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के वरिष्ठ और अनुभवी खिलाड़ी भी प्रतिभाग करेंगे। इससे मुकाबलों में और अधिक रोमांच देखने को मिलेगा। मेले में आयोजित कैरम और शतरंज प्रतियोगिताएं अभी जारी हैं और प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित नहीं हुए हैं।
