Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या जनगणना की तैयारियों को लेकर मंगलवार शाम अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने अधिकारियों को जनगणना संबंधी तैयारियां समय से पूरी करने और पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों के संपादन के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल अवगत कराया जाए ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके और जनगणना की तैयारियों में कोई बाधा न आए। उन्होंने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण तथा प्रशिक्षण स्थल और तिथि का निर्धारण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी समय से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों और कार्मिकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनगणना प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला समन्वयक जनगणना पंकज सिंह सहित सभी तहसीलदार और उनसे संबंधित कार्मिक वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *